पूर्वोत्तर एशिया / NEAसंघर्ष / तनाव

भू-राजनीतिक तनाव के बीच जापान की रक्षा प्राथमिकताएँ रेखांकित

मार्क जैकब प्रॉसेर (Marc Jacob Prosser)

विश्लेषकों का कहना है कि भू-राजनीतिक तनाव और तकनीकी नवोन्मेष जापान की रक्षा प्राथमिकताओं को आकार देना जारी रखेंगे, जिनमें उत्तर कोरिया और पीपल्स रिपब्लिक ऑफ़ चाइना (PRC) से बाहरी ख़तरे और मानव संसाधन व तकनीकी उन्नयन जैसी आंतरिक चुनौतियाँ शामिल हैं।

टोक्यो घरेलू रक्षा प्रगति का समर्थन करते हुए हमलावरों के खिलाफ़ अपने हितों की रक्षा के लिए सुरक्षा उपाय विकसित कर रहा है। टोक्यो स्थित थिंक टैंक, इंटरनेशनल हाउस ऑफ़ जापान में एशिया पैसिफ़िक इनिशिएटिव और इंस्टीट्यूट ऑफ़ जियोइकोनॉमिक्स के वरिष्ठ शोधाकर्ता हिरोहितो ओगी (Hirohito Ogi) ने कहा कि 2024 जापान के लिए एक महत्वपूर्ण वर्ष होगा जब वह 2022 के राष्ट्रीय रक्षा दस्तावेज़ में किए गए वादे के अनुरूप सामरिक रूप से उन्नत रक्षा क्षमताओं को पेश करने की तैयारी कर रहा है।

रक्षा विकास में सहायता के लिए विषम परिस्थितियों में विमान के प्रदर्शन का आकलन करते जापान एयर सेल्फ़-डिफ़ेंस फ़ोर्स के परीक्षण पायलट।
वीडियो आभार: निप्पॉन टेलीविज़न/रॉयटर्स

“जहाँ आवश्यक बजट विनियोजन के साथ R&D [अनुसंधान और विकास] और ख़रीदारी लगातार चालू हैं, वहीं इसकी डिलीवरी में कुछ साल लगेंगे,” उन्होंने फ़ोरम को बताया। “इस बीच, जापान को यह परिकल्पित करने की ज़रूरत है कि उन क्षमताओं को कैसे संचालित किया जाए।”

उन प्रयासों में नए परिचालन सिद्धांत, नियोजित संयुक्त परिचालन मुख्यालय की स्थापना और अमेरिकी सैन्य बलों के साथ द्विपक्षीय कमांड सहयोग तंत्र की समीक्षा शामिल हैं।

जापान ग्राउंड सेल्फ़-डिफ़ेंस फ़ोर्स के सेवानिवृत्त मेजर जनरल नोज़ोमु योशिटोमी (Nozomu Yoshitomi) को उम्मीद है कि टोक्यो ऐसी मानसिकता विकसित करने पर ध्यान केंद्रित करेगा जिसमें रक्षा मंत्रालय से परे मंत्रालयों और एजेंसियों के इनपुट शामिल हों।

“कोई भी रक्षा नीति केवल रक्षा मंत्रालय से संबंधित नहीं होती है। इसलिए, रक्षा नीति के बारे में सरकारी दृष्टिकोण और मानसिकता को और विकसित करने की ज़रूरत है,” निहोन यूनिवर्सिटी के कॉलेज ऑफ़ रिस्क मैनेजमेंट के प्रोफ़ेसर योशिटोमी ने फ़ोरम को बताया। “यह एक सतत प्रगतिशील कार्य है लेकिन इस पर और ध्यान देने की आवश्यकता है।”

उन्होंने कहा, यह भर्ती के संबंध में विशेष रूप से महत्वपूर्ण होगा, जिसमें अधिक महिलाओं और युवा वयस्कों को जापान आत्मरक्षा बलों में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित करने की पहल भी शामिल है। रिज़र्व बल को मौजूदा 60,000 कर्मियों से आगे बढ़ाने में भी चुनौतियाँ हैं। योशिटोमी ने कहा कि यूक्रेन में युद्ध ने संघर्ष और संकटों में आरक्षित सैनिकों के महत्व को उजागर किया है। इसी तरह, भूकंप सहित आपदा राहत और प्रतिक्रिया में आरक्षित सैनिक महत्वपूर्ण हैं।

देश के रक्षा कर्मियों को मज़बूत करने के साथ-साथ मुख्य प्राथमिकताओं में अनुसंधान एवं विकास जैसी क्षमताओं का विस्तार भी शामिल होना चाहिए, सेवानिवृत्त जापान मैरीटाइम सेल्फ़-डिफ़ेंस फ़ोर्स के रियर एडमिरल यासुहिरो कावाकामी (Yasuhiro Kawakami) ने फ़ोरम को बताया।

सासाकावा पीस फ़ाउंडेशन के सुरक्षा अध्ययन कार्यक्रम के निदेशक कावाकामी ने कहा, “जलमग्न रक्षा उपकरणों का विकास और उनकी तैनाती, जैसे कि स्वायत्त जलमग्न रोबोट, या जलमग्न ड्रोन के लिए हाल ही में घोषित योजनाएँ, जापान के लिए इंडो-पैसिफ़िक क्षेत्र के निरंतर विकास के सक्रिय समाधान के लिए ज़रूरी आवश्यकता है।”

टोक्यो के अंतरराष्ट्रीय क्रिश्चियन यूनिवर्सिटी में राजनीति और अंतरराष्ट्रीय अध्ययन विभाग के प्रोफ़ेसर स्टीफ़न नेगी (Stephen Nagy) के अनुसार, निवारक क्षमताएँ व्यापक क्षेत्र के भीतर प्राथमिकता बनी हुई हैं। उन्होंने फ़ोरम को बताया कि उत्तर कोरिया, ताइवान जलडमरूमध्य और पूर्वी चीन तथा दक्षिणी चीन सागर में क्षेत्रीय विवादों से संबंधित संभावित संघर्षों पर विचार किया जाना चाहिए।

“जापान को भी इस पर विचार करने और चर्चा करने की आवश्यकता होगी कि वह उकसावों को हतोत्साहित करने के लिए किन जवाबी हमले की क्षमताओं में निवेश करेगा,” नेगी ने कहा। “इनमें टॉमहॉक मिसाइल जैसी भौतिक क्षमताएँ शामिल हैं, लेकिन संभवतः साइबर सुरक्षा और सामान्य साइबर क्षमताओं के निरंतर विकास पर भी ध्यान केंद्रित किया जाएगा।”

उन्होंने कहा, जापान के लिए “सॉफ़्ट पावर” प्राथमिकताओं में समन्वित कूटनीति, ग्रुप ऑफ़ सेवन और नाटो जैसे मंचों के माध्यम से इंडो-पैसिफ़िक मुद्दों का अंतरराष्ट्रीयकरण करने के प्रयास और फ़िलीपींस सहित क्षेत्रीय साझेदारों के साथ निरंतर सुरक्षा समर्थन और सहयोग शामिल हैं।

मार्क जैकब प्रॉसेर (Marc Jacob Prosser) तोक्यो से रिपोर्टिंग करने वाले फ़ोरम संवाददाता हैं।


फ़ोरम ने दैनिक वेब कहानियों का हिंदी में अनुवाद करना निलंबित कर दिया है। कृपया दैनिक सामग्री के लिए अन्य भाषाएँ देखें।

यहाँ टिप्पणी करें

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

संबंधित आलेख

Back to top button