शीर्ष स्नातकों द्वारा सैन्य सेवा से दूरी बनाने के चलते चीन की PLA को करना पड़ रहा है प्रतिभा पलायन का सामना

फ़ेलिक्स किम (Felix Kim)
विश्लेषकों का तर्क है कि पीपल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) की तकनीकी रूप से उन्नत प्रणालियों को संचालित करने और उनके रखरखाव के लिए योग्य कर्मियों की भर्ती तथा उन्हें बनाए रखने की असमर्थता, चीनी कम्युनिस्ट पार्टी के सैन्य आधुनिकीकरण अभियान में रुकावट पैदा कर सकती है और क्षेत्र पर हावी होने की उसकी महत्वाकांक्षाओं को बाधित कर सकती है। शीर्ष स्नातक अधिक आकर्षक और कम नियंत्रण करने वाले निजी क्षेत्र की नौकरियों के पक्ष में सैन्य सेवा को त्याग रहे हैं, और भर्ती की कमी का मुक़ाबला करने वाले PLA के सुधारों को जटिल संघर्ष का सामना करना पड़ रहा है।
“उन्होंने स्वयं स्वीकार किया है कि [PLA] सेना, शिक्षित और हथियारों व उपकरणों का उपयोग करने में सक्षम कुशल लोगों को आकर्षित करने तथा उन्हें बनाए रखने के लिए संघर्ष कर रही है,” रैंड कॉर्प के वरिष्ठ अंतरराष्ट्रीय रक्षा शोधकर्ता डॉ. टिमोथी हीथ (Timothy Heath) ने फ़ोरम को बताया। “कुशल श्रम की कमी अन्य क्षेत्रीय शक्तियों के साथ PLA की परिष्कृत प्रशिक्षण की क्षमता को प्रभावित कर सकती है, जो उसके प्रभाव और प्रतिष्ठा को नुक़सान पहुँचा सकती है।”
PLA अपने 20 लाख (2 मिलियन) सेवा सदस्यों के सैन्य बल की भर्ती के लिए बड़े पैमाने पर स्वयंसेवकों पर निर्भर है। इनमें लगभग 450,000 अधिकारी और असैन्य कर्मी, 850,000 ग़ैर-कमीशन अधिकारी (NCO), और 700,000 सूचीबद्ध सैनिक शामिल हैं।
अत्यंत आवश्यक तकनीकी कौशल वाले कर्मियों को आकर्षित करने के लिए, PLA ने चीनी विश्वविद्यालयों की ओर रुख़ किया है। हालाँकि, बीजिंग के संभ्रांत सिंघुआ विश्वविद्यालय के डेटा से पता चलता है कि 2022 में उसके 8,000 स्नातकों में से PLA में केवल 12 शामिल हुए, द इकोनॉमिस्ट अख़बार ने बताया। 2005 के बाद से, PLA में भर्ती होने वाले सिंघुआ स्नातकों की संख्या औसतन केवल 16 रही है।
चीन की 2020 की जनगणना से संकेत मिलता है कि 2010 के बाद केवल 57% को सँभालते हुए PLA अपने रैंक में 70% अधिक, विश्वविद्यालय के स्नातकों को जोड़ने के अपने 10 साल के लक्ष्य से पीछे रहा है।
द इकोनॉमिस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, निजी क्षेत्र की तुलना में कम वेतन के अलावा, संभावित रंगरूटों को अक्सर सैन्य जीवन अत्यधिक प्रतिबंधात्मक लगता है। उदाहरण के लिए, PLA इंटरनेट पहुँच को गंभीर रूप से सीमित कर देता है। शादी करने या तलाक़ लेने के लिए, सभी कर्मचारियों को अपने पर्यवेक्षकों से अनुमति लेनी पड़ती है। सूचीबद्ध सैनिक बैरक में रहते हैं, और अधिकांश अधिकारी तथा NCO, केवल दशक भर की सेवा के बाद अपने जीवन-साथी के साथ रह सकते हैं।
इसके समांतर, रंगरूटों को लुभाने के प्रोत्साहन के साथ — जैसे शैक्षिक सब्सिडी और सैन्य सेवा के बाद राज्य-क्षेत्र की नौकरियों तक विशिष्ट पहुँच — सक्रिय PLA कर्मियों के बीच टर्नओवर अधिक है, जो लगता है उन्हें पहला मौक़ा मिलते ही सैन्य बल छोड़ने के लिए प्रेरित करने वाला अनपेक्षित परिणाम है।
“उच्चतम स्तर की तैयारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से PLA के लिए टर्नओवर को कम करने के तरीक़े ढूँढना महत्वपूर्ण है क्योंकि कुशल लड़ाकू बल विकसित करने में काफ़ी समय लगता है,” हीथ ने कहा। “उच्च टर्नओवर सेना को उन्नत कौशल को निखारने के बजाय नए रंगरूटों को पुनः प्रशिक्षित करने में अपना अधिकांश समय ख़र्च करने के लिए मजबूर करता है।”
PLA सेना छोड़कर जाने वालों से भी जूझ रही है। द इकोनॉमिस्ट ने कहा कि स्थिति इतनी बिगड़ गई है कि बीजिंग ने ऐसे लोगों को अपमानित करने और उनकी भारी सज़ा को प्रचारित करने के लिए मीडिया अभियान चलाया।
हीथ ने कहा, PLA कुशल कर्मियों के नुक़सान को रोकने के प्रयासों पर क़ायम रहेगी, लेकिन संयुक्त युद्ध का सिद्धांत और तेज़ी से परिष्कृत होती तकनीक व हथियारों वाले सैन्य कर्मियों की बढ़ती आवश्यकता ने उसके काम को कठिन बना दिया है।
“तकनीकी रूप से उन्नत सेनाओं को शिक्षित, कुशल श्रमिकों की आवश्यकता होती है लेकिन सबसे योग्य युवाओं को सैन्य सेवा आकर्षक नहीं लग रही है,” उन्होंने कहा। “कमी PLA की युद्ध की तैयारी सुनिश्चित करने की क्षमता को बाधित करेगी क्योंकि सैन्य इकाइयों को जनशक्ति की कमी का सामना करना पड़ेगा।”
फ़ेलिक्स किम (Felix Kim) सियोल, दक्षिण कोरिया स्थित फ़ोरम संवाददाता हैं।
फ़ोरम ने दैनिक वेब कहानियों का हिंदी में अनुवाद करना निलंबित कर दिया है। कृपया दैनिक सामग्री के लिए अन्य भाषाएँ देखें।