पूर्वोत्तर एशिया / NEAसंघर्ष / तनावस्वतंत्र और मुक्त इंडो-पैसिफिक / एफ़ओआईपी

आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए शीत युद्ध से सबक़ लेते अमेरिका, चीन

फ़ोरम स्टाफ़

नवंबर 2023 में शीत युद्ध विश्वास-निर्माण उपाय (CBM) की गूँज तब सुनाई दी जब संयुक्त राज्य अमेरिका और पीपल्स रिपब्लिक ऑफ़ चाइना (PRC) के नेता, सेनाओं के बीच संचार बहाल करने पर सहमत हुए।

पहला औपचारिक CBM, 1963 में अमेरिका और सोवियत संघ के बीच समझौता ज्ञापन के रूप में सामने आया, जिसमें यह सुनिश्चित करने के लिए हॉटलाइन स्थापित किया गया कि दोनों देशों के नेता संपर्क में रहें। क्यूबाई मिसाइल संकट के बाद, जब दोनों राष्ट्र परमाणु संघर्ष के कगार पर आ गए थे, गठित इस संचार लिंक का उद्देश्य ऐसे हलचल को रोकना था।

अमेरिका स्थित आर्म्स कंट्रोल एसोसिएशन के अनुसार, अमेरिका ने 1967 में भूमध्य सागर में बेड़े की गतिविधियों के पीछे के इरादों को बताने के लिए हॉटलाइन का उपयोग किया था, जिसे मॉस्को द्वारा ग़लत तरीक़े से शत्रुतापूर्ण माना जा सकता था। दोनों देशों ने 1980 के दशक तक इस तंत्र का उपयोग किया और उसकी एक शाखा अब भी मास्को को वाशिंगटन से जोड़ती है।

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन (Joe Biden) और चीनी कम्युनिस्ट पार्टी (CCP) के महासचिव शी जिनपिंग (Xi Jinping) के बीच सैन्य संचार फिर से शुरू करने पर सहमति बनने के एक दिन बाद, अमेरिकी रक्षा सचिव लॉयड ऑस्टिन (Lloyd Austin) ने कहा कि यूक्रेन पर मास्को के अकारण आक्रमण की अमेरिका की सार्वजनिक निंदा करने के बाद भी उन्होंने अपने रूसी समकक्ष के साथ संवाद की क्षमता को बनाए रखा है।

“मुझे लगता है कि हमारे पास मित्रों से बात करने की क्षमता होनी चाहिए; हमें विरोधियों से बात करने की क्षमता रखनी होगी। ज़रूरी है कि वे चैनल खुले रहें,” ऑस्टिन ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा। “यहाँ तक कि रूस और यूक्रेन के बीच जो कुछ भी हुआ है, उसके चरम पर भी, मेरे पास फ़ोन उठाने और रूस के रक्षा मंत्री से बात करने की क्षमता थी। और मुझे लगता है कि यह ऐसी महत्वपूर्ण क्षमता है जिसे हमें आगे चलकर संकट से निपटने के लिए बनाए रखना होगा। … इस बात के मद्देनज़र कि दोनों नेता उन चैनलों का खुला रहना सुनिश्चित करने के लिए सहमत हुए हैं, मेरे ख़याल से, यही असली फ़ायदा है।

जब अमेरिकी सैन्य नेताओं और पीपल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) के बीच संचार ख़त्म हो गया, तो अमेरिकी अधिकारियों को चिंता हुई कि दोनों देशों की सेनाओं से जुड़ी दुर्घटनाएँ या ग़लतफ़हमियाँ संघर्ष में बदल सकती हैं — ख़ासकर पूर्वी चीन और दक्षिण चीन में समुद्र पर। पेंटागन ने हाल ही में विवादित जल क्षेत्र के हवाई क्षेत्र में PLA द्वारा ज़ोर-ज़बरदस्ती और जोखिम भरे सैन्य संचालन व्यवहार में तेज़ी से बढ़ोतरी दर्ज की है। इस बीच, चीनी तटरक्षक और समुद्री मिलिशिया जहाज़, नियमित रूप से अन्य देशों विशेष रूप से अमेरिका के संधि सहयोगी, फ़िलीपींस द्वारा वैध मछली पकड़ने, अनुसंधान मिशन और सैन्य अभियानों को अवरुद्ध करते हैं, परेशान करते हैं और हस्तक्षेप करते हैं। संयुक्त राज्य अमेरिका, सहयोगी और भागीदार सुरक्षित समुद्री मार्गों के ज़रिए आर्थिक समृद्धि का आश्वासन देते हैं।

अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के ताइवान के दौरे के बाद, जिस स्व-शासित द्वीप पर बीजिंग दावा करता है और बलपूर्वक कब्ज़ा करने की धमकी देता है, चीन ने 2022 में संचार हॉटलाइन को फिर से स्थापित करने से इनकार कर दिया। 2023 की शुरुआत में, चीन ने ऑस्टिन के साथ तत्कालीन चीनी रक्षा मंत्री की मुलाक़ात के अमेरिकी अनुरोध को भी अस्वीकार कर दिया।

राष्ट्रपति बाइडेन और शी के बीच नवंबर 2023 का समझौता उस पद पर व्यक्ति को नामित करने के बाद ऑस्टिन के लिए अपने चीनी समकक्ष से मिलने का द्वार खोलेगा। अक्तूबर में पूर्व जनरल ली शांगफ़ू (Li Shangfu) को पद से हटाने के बाद से CCP ने किसी रक्षा मंत्री की नियुक्ति नहीं की है।

15 नवंबर, 2023 को एशिया-पैसिफ़िक आर्थिक सहयोग शिखर सम्मेलन के मौक़े पर बैठक से पहले कैलिफ़ोर्निया में चीनी कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव शी जिनपिंग का स्वागत करते अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन। वीडियो आभार: रॉयटर्स


फ़ोरम ने दैनिक वेब कहानियों का हिंदी में अनुवाद करना निलंबित कर दिया है। कृपया दैनिक सामग्री के लिए अन्य भाषाएँ देखें।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

संबंधित आलेख

Back to top button