ओकिनावा में स्थानांतरित अमेरिकी ड्रोन विमान ने बढ़ाई पूर्वी चीन सागर की निगरानी

फ़ोरम स्टाफ़
आठ युनाइटेड स्टेट्स एयर फ़ोर्स MQ-9 रीपर ड्रोन जापान के दक्षिण-पश्चिमी द्वीप-समूह में ओकिनावा पर यू.एस. फ़ोर्सेस जापान के कडेना एयर बेस से लगभग 700 किलोमीटर दक्षिण की ओर बढ़ रहे हैं। पहले कागोशिमा में जापान समुद्री आत्मरक्षा बल के कनोया एयर बेस पर तैनात रिमोट-नियंत्रित विमानों का अधिकतर उपयोग आसूचना, निगरानी और टोह लेने (ISR) के लिए किया जाता है।
तोक्यो इस क्षेत्र में चीनी कम्युनिस्ट पार्टी (CCP) की हठधर्मिता से चिंतित है। 319वें अभियान टोही स्क्वाड्रन द्वारा संचालित MQ-9 रीपर्स, विवादित पूर्वी चीन सागर में CCP की गतिविधियों पर नज़र रखने में मदद करेंगे। जापानी और अमेरिकी सेनाएँ ड्रोन और 150 से अधिक वायुसैनिकों को स्थानांतरित करने के लिए मिलकर काम कर रही हैं।
वीडियो साभार: पेटी ऑफ़िसर सेकंड क्लास जैक एस्ट्रुप (Jack Aistrup)/अमेरिकी नौसेना
“जैसे-जैसे सुरक्षा माहौल गंभीर होता जा रहा है, हम खुफ़िया जानकारी इकट्ठा करने की क्षमताओं सहित जापान-अमेरिकी गठबंधन की अवरोध व प्रतिक्रिया क्षमताओं को और मज़बूत करेंगे,” जापानी रक्षा मंत्री मिनोरू किहारा (Minoru Kihara) ने अक्तूबर 2023 के मध्य में कहा। “जापान के आसपास के देशों की गतिविधियाँ अधिक सक्रिय होने और जापान के दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्र के आसपास समुद्र और हवाई क्षेत्र में जानकारी एकत्र करने की आवश्यकता बढ़ने के साथ, कडेना एयर बेस पर अमेरिकी वायु सेना MQ-9 की तैनाती … क्षेत्र तक आसान पहुँच प्रदान करेगी” और निगरानी के लिए अधिक समय मिलेगा, उन्होंने कहा।
नानसेई द्वीप शृंखला जापान के मुख्य द्वीपों से दक्षिण-पश्चिम में स्व-शासित ताइवान तक फैली हुई है और इसमें ओकिनावा व विवादित सेनकाकू द्वीप शामिल हैं, जो जापान के नियंत्रण में हैं लेकिन जिन पर CCP द्वारा दावा किया जाता है। हाल के वर्षों में, CCP तटरक्षक और नौसैनिक जहाज़ों ने क्षेत्र में जापानी मछली पकड़ने वाले जहाज़ों का पीछा किया।
स्टार्स एंड स्ट्राइप्स अख़बार की रिपोर्ट के अनुसार, MQ-9 रीपर, लगभग 11 मीटर लंबा तथा 20 मीटर लंबे पंखों वाला विमान है, जो मिसाइल और लेज़र-निर्देशित बम सहित 1,700 किलोग्राम तक का पेलोड ले जा सकता है।
नवंबर 2022 में आठ रीपर्स को जापान के मुख्य द्वीपों के सबसे दक्षिणी भाग पर स्थित कानोया एयर बेस पर तैनात किया गया। द डिप्लोमैट पत्रिका ने अक्तूबर 2023 में रिपोर्ट किया कि विमान ने जापान के पास CCP की बढ़ती समुद्री गतिविधियों को रोकने और उनका आकलन करने के लिए मिशन चलाया था।
कडेना एयर बेस पर स्क्वाड्रन के स्थानांतरण की घोषणा अक्तूबर की शुरुआत में वाशिंगटन, डी.सी. में किहारा की अमेरिकी रक्षा सचिव लॉयड ऑस्टिन (Lloyd Austin) से मुलाक़ात के बाद हुई। द डिप्लोमैट की रिपोर्ट के अनुसार, नेताओं ने संयुक्त ISR प्रयासों में MQ-9 ड्रोन के महत्व की पुष्टि की। पहला रीपर उसी महीने के अंत में कडेना पहुँचा, जो इस क्षेत्र का सबसे बड़ा अमेरिकी बेस है और जिसे “कीस्टोन ऑफ़ द पैसिफ़िक” के रूप में जाना जाता है।
अमेरिकी वायु सेना के एक प्रवक्ता ने स्टार्स एंड स्ट्राइप्स को बताया कि मध्यम-ऊँचाई और लंबे समय तक चलने वाले रीपर्स संभावित फ़्लैशप्वाइंट की निगरानी करेंगे और अमेरिकी कमांडरों व सहयोगियों तथा भागीदारों को खुफ़िया जानकारी प्रदान करेंगे, जिसमें जापानी और अमेरिकी सैन्य अधिकारियों से युक्त एक आसूचना विश्लेषण कक्ष भी शामिल है।
“हमारे वायुसैनिक इस चुनौतीपूर्ण प्राथमिकता वाले युद्ध-स्थल में सेवा के लिए उत्साहित हैं,” 319वें अभियान टोही स्क्वाड्रन कमांडर लेफ़्टिनेंट कर्नल जॉर्डन स्मिथ (Jordan Smith) ने एक बयान में कहा। कडेना में तैनाती अधिक “रियल-टाइम संचालन चित्र” प्रस्तुत करेगी।
फ़ोरम ने दैनिक वेब कहानियों का हिंदी में अनुवाद करना निलंबित कर दिया है। कृपया दैनिक सामग्री के लिए अन्य भाषाएँ देखें।