रेज़ल्यूट ड्रैगन 2023 की जापान भर में दहाड़

फ़ोरम स्टाफ़
चीनी पीपल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) द्वारा ताइवान और जापान के आस-पास सैन्य बल के लगातार प्रदर्शन ने जापान सेल्फ़-डिफ़ेंस फ़ोर्सस (JSDF) और यूनाइटेड स्टेट्स मरीन कोर द्वारा आयोजित वार्षिक प्रशिक्षण अभ्यास, रेज़ल्यूट ड्रैगन की तात्कालिकता को बढ़ा दिया है।
7,300 सैनिकों के साथ, 14-31 अक्तूबर तक संपन्न जापान स्थित अभ्यास का फ़ील्ड प्रशिक्षण अंश उसकी पिछली पुनरावृत्ति के आकार के दोगुने से भी अधिक था। रेज़ल्यूट ड्रैगन 2023 ने संयुक्त बल के कमान और नियंत्रण, सटीक आग तथा मल्टीडोमेन पैंतरेबाज़ी क्षमताओं में सुधार किया। प्रतिभागियों ने क्यूशू द्वीप और ओकिनावा प्रान्त में द्वीप रक्षा रणनीति तथा चिकित्सा निकासी कौशल को पैना किया।
वीडियो आभार: कार्पोरल स्टीफ़न हॉलैंड (Stephen Holland)/यू.एस. मरीन कोर
PLA ने अगस्त 2022 से ताइवान के आसपास हवाई और समुद्री युद्धाभ्यास तेज़ कर दिया, जब संयुक्त राज्य अमेरिका की कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने स्व-शासित द्वीप का दौरा किया था। चीनी कम्युनिस्ट पार्टी का दावा है कि ताइवान पीपल्स रिपब्लिक ऑफ़ चाइना का हिस्सा है, हालाँकि ऐसा कभी नहीं रहा है, और बलपूर्वक उस पर कब्ज़ा करने की धमकी देती है। इस मामले में — पूर्वी चीन सागर में जापान के ताइवान की ओर रुख़ वाले द्वीपों पर, जापानी और अमेरिकी सेनाओं ने अपनी रक्षात्मक क्षमताओं को मज़बूत करने के लिए तैयारी तथा अभ्यास के ज़रिए प्रतिक्रिया की है।
रेज़ल्यूट ड्रैगन का फ़ील्ड प्रशिक्षण जुलाई में कमांड पोस्ट अभ्यास और ओरिएंट शील्ड 2023 के बाद संपन्न हुआ, जो सितंबर में उत्तरी जापान में जापान ग्राउंड सेल्फ़-डिफ़ेंस फ़ोर्स (JGSDF) तथा अमेरिकी सेना द्वारा आयोजित अभ्यास था। दिसंबर 2022 में जारी राष्ट्रीय सुरक्षा दस्तावेज़ों के हिस्से के रूप में तोक्यो ने अमेरिका के साथ संयुक्त सैन्य अभ्यास बढ़ाने का आह्वान किया।
स्टार्स एंड स्ट्राइप्स अख़बार ने बताया कि जापान की पश्चिमी सेना के चार हज़ार सैनिकों ने रेज़ल्यूट ड्रैगन में भाग लिया, जो देश के दक्षिणी द्वीपों पर केंद्रित था। अमेरिकी वायु सेना, थल सेना और नौसेना कर्मियों के साथ, तृतीय समुद्री अभियान बल ने 3,300 अमेरिकी सैनिकों में से अधिकांश का योगदान दिया।

अमेरिकी मरीन कोर के एक प्रवक्ता ने कहा कि अभ्यास में छोटी गतिशील टुकड़ियाँ शामिल थीं जो द्वीपों पर कब्ज़ा करने और आसपास के समुद्रों को नियंत्रित करने के लिए दुश्मन की मिसाइलों की रेंज में घुस सकती हैं। द योमिउरी अख़बार की रिपोर्ट के अनुसार, युद्धपोतों और विमानों के ख़िलाफ़ कृत्रिम लड़ाई भी संयुक्त प्रशिक्षण का हिस्सा थी।
नए अभ्यासों में JGSDF के सैन्यदल और अमेरिकी नौसैनिकों द्वारा लाइव-फ़ायर रॉकेट लॉन्च, क्षतिग्रस्त हवाई क्षेत्र की मरम्मत, और अमेरिकी नौसैनिकों द्वारा होक्काइडो में युसुबेत्सू पैंतरेबाज़ी के इलाक़े में तेज़ी से घुसपैठ शामिल थीं। अभ्यास सर्वोत्तम प्रथाओं और ख़तरों के प्रति द्विपक्षीय प्रतिक्रिया पर केंद्रित था और इसमें उत्तरी जापान के होक्काइडो से लेकर ताइवान से 70 मील पूर्व में स्थित द्वीप योनागुनी तक 19 प्रतिष्ठान और सुविधा केंद्र शामिल थे।
पश्चिमी सेना के कमांडिंग जनरल लेफ़्टिनेंट जनरल तोशिकाज़ु यामाने (Toshikazu Yamane) ने उद्घाटन समारोह में कहा, “अब जब कि जापान के आस-पास की सुरक्षा परिस्थितियाँ पहले से ज़्यादा कठिन हैं, तो हम अग्रिम पंक्ति में खड़े हैं तथा स्थिति से निपटने के लिए ख़ुद को तैयार कर रहे हैं।”
तृतीय समुद्री अभियान बल के प्रवक्ता फ़र्स्ट लेफ़्टिनेंट एलेजांड्रो आर्टीगा (Alejandro Arteaga) ने कहा, फ़ील्ड प्रशिक्षण अभ्यास ने प्रतिभागियों को “हमारी सेनाओं के बीच ज्ञान के अंतरण, विचार व नवोन्मेष साझाकरण तथा हमारे अपने राष्ट्रों व हमारे भागीदारों की रक्षा के लिए सुपुर्द बंधन को मज़बूत करने में सक्षम बनाया है।” “हम अपनी सेनाओं और राष्ट्रों के बीच अधिक सौहार्द, आत्मविश्वास, इंटरऑपरेबिलिटी तथा भरोसे का निर्माण करेंगे।”
फ़ोरम ने दैनिक वेब कहानियों का हिंदी में अनुवाद करना निलंबित कर दिया है। कृपया दैनिक सामग्री के लिए अन्य भाषाएँ देखें।