अध्ययन में कहा गया कि पीआरसी द्वारा अचानक COVID-19 प्रतिबंधों को समाप्त करने के बाद लगभग 20 लाख (2 मिलियन) मौतें हुईं

रॉयटर्स
एक नए अध्ययन से पता चलता है कि चीनी कम्युनिस्ट पार्टी (CCP) द्वारा अपने सख़्त COVID-19 व्यवस्था को ख़त्म करने के लिए अचानक उठाए गए क़दम ने चीन के 1.4 बिलियन निवासियों के बीच वायरस फैलाया, जिससे संभवतः अगले दो महीनों में लगभग 20 लाख (2 मिलियन) अतिरिक्त मौतें हुई हैं।
संयुक्त राज्य अमेरिका स्थित फ़्रेड हचिन्सन कैंसर सेंटर द्वारा किए गए अध्ययन में पीआरसी में विश्वविद्यालयों द्वारा प्रकाशित और इंटरनेट खोजों से मृत्यु दर डेटा के नमूने लिए गए।
इसमें पाया गया कि दिसंबर 2022 और जनवरी 2023 के बीच 30 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों में सभी कारणों से अनुमानित रूप से 18 लाख 70 हज़ार ( 1.87 मिलियन) अधिक मौतें हुईं, जिसमें तिब्बत को छोड़कर मुख्य भूमि चीन के सभी प्रांतों की मौतें शामिल हैं।
दिसंबर 2022 में अपनी शून्य-कोविड नीति को समाप्त करने के सीसीपी के निर्णय से, जिसमें बड़े पैमाने पर परीक्षण और कठोर व सख़्त क्वॉरेंटिन शामिल थे, अस्पताल में भर्ती होने और मौतों में भारी वृद्धि हुई, जो स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार बड़े पैमाने पर रिपोर्ट नहीं की गईं।
अगस्त 2023 के अंत में प्रकाशित अध्ययन में कहा गया है कि अतिरिक्त मौतों की संख्या जनवरी 2023 में सीसीपी के आधिकारिक अनुमान से कहीं अधिक है, क्योंकि तीन साल के बाद शून्य-COVID नीति को छोड़ने के बाद से अस्पताल में COVID-19 से पीड़ित 60,000 लोगों की मौत हुई थी।
“चीन में शून्य-COVID नीति को हटाने से संबंधित अतिरिक्त मौतों का हमारा अध्ययन अनुभवजन्य रूप से प्राप्त बेंचमार्क अनुमान निर्धारित करता है। ये निष्कर्ष यह समझने के लिए महत्वपूर्ण हैं कि पूरी आबादी में COVID-19 का अचानक प्रसार जनसंख्या मृत्यु दर को कैसे प्रभावित कर सकता है,” शोधकर्ताओं ने लिखा।
पीआरसी के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग ने टिप्पणी के अनुरोध का तुरंत जवाब नहीं दिया।
अस्पताल में भर्ती होने और मौतों की संख्या की रिपोर्ट सामने आने और विशेष रूप से नए वेरिएंट का ख़तरा चिंता का विषय बनने के कारण वैश्विक स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बार-बार सीसीपी से अधिक डेटा प्रकट करने के लिए कहा।
सीसीपी ने 2022 के अंत में आधिकारिक दैनिक मृत्यु परिणामों की रिपोर्टिंग बंद कर दी। विश्व स्वास्थ्य संगठन का कहना है कि COVID-19 से पीआरसी में 121,628 और वैश्विक स्तर पर लगभग 70 लाख (7 मिलियन) मौतें हुई हैं।
दुर्लभ क़दम उठाते हुए, एक चीनी प्रांत ने जुलाई में अपनी वेबसाइट पर संक्षेप में डेटा प्रकाशित किया जिसमें 2023 की पहली तिमाही में दाह संस्कार में 70% की वृद्धि दर्शाई गई। बाद में रिपोर्ट हटा दी गई।
फ़रवरी 2023 में, CCP नेताओं ने COVID-19 पर “निर्णायक जीत” की घोषणा की। लेकिन अगस्त 2023 में, बीजिंग के स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि सरकार संचालित मीडिया के अनुसार, राजधानी में वायरस अभी भी शीर्ष संक्रामक रोग है।
अधिकारियों ने प्रमुख स्ट्रेन के रूप में EG.5 नामक नए ओमिक्रॉन वेरिएंट का हवाला दिया।
“राष्ट्रीय रोग नियंत्रण और रोकथाम ब्यूरो ने कहा कि नए वेरिएंट EG.5 का अनुपात अप्रैल में 0.6% से बढ़कर अगस्त में 71.6% हो गया है, जो चीन के अधिकांश प्रांतों में प्रमुख स्ट्रेन बन गया है,” सरकारी ग्लोबल टाइम्स अख़बार ने बताया।
फ़ोरम ने दैनिक वेब कहानियों का हिंदी में अनुवाद करना निलंबित कर दिया है। कृपया दैनिक सामग्री के लिए अन्य भाषाएँ देखें।