ग्लोबल कॉमन्सपूर्वोत्तर एशिया / NEA

जापान द्वारा संकटग्रस्त देशों के समर्थन के लिए हथियार निर्यात प्रतिबंध हटाने पर विचार

मार्क जैकब प्रॉसेर

प्रतीकात्मकता अचूक थी, क्योंकि जापानी प्रधान मंत्री फुमियो किशिदा की यूक्रेन की अचानक यात्रा चीनी कम्युनिस्ट पार्टी (सीसीपी) के महासचिव शी जिनपिंग की मास्को यात्रा के साथ हुई थी।

मार्च 2023 की यात्राओं ने बढ़ते भू-राजनीतिक विभाजनों को रेखांकित किया जो यूक्रेन जैसे देशों को हथियारों के निर्यात की अनुमति देने से संबंधित जापान की नीति में महत्वपूर्ण बदलाव पर विचार करने में योगदान करते हैं।

विशेषज्ञों का कहना है कि यह क़दम इंडो-पैसिफ़िक और उसके रक्षा उद्योग में टोक्यो का दर्जा बढ़ा सकता है।

“‘तीन हथियारों के प्रतिबंध’ में ढील न केवल जापान के रक्षा उद्योग को पुनर्जीवित करने में मदद करेगी बल्कि उसकी कूटनीतिक, आर्थिक सहायता और विकास के पहल को भी मजबूत करेगी,” जापान में अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा उद्योग परिषद के अध्यक्ष जेम्स एंजलस ने फ़ोरम को बताया।

“जापान के रक्षा उपकरण निर्यात के साथ-साथ रक्षा क्षेत्रों में क्षमता-निर्माण सहयोग, वैश्विक और क्षेत्रीय सुरक्षा में योगदान देगा,” सासाकावा पीस फ़ाउंडेशन थिंक टैंक में सुरक्षा अध्ययन कार्यक्रम के वरिष्ठ फ़ेलो सुनेओ वातानाबे ने फ़ोरम को बताया।

निक्केई अख़बार की रिपोर्ट के अनुसार, किशिदा ने सांसदों से हथियारों के निर्यात संबंधी नियमों को संशोधित करने का आग्रह किया है, जिसमें कहा गया है कि विस्तृत सैन्य निर्यात, हमलावरों के खिलाफ़ राष्ट्रों की सहायता का महत्वपूर्ण उपकरण हो सकता है।

प्रस्तावित समीक्षा “संस्थागत व्यवस्था की माँग करती है जो अंतरराष्ट्रीय क़ानून के खिलाफ़ आक्रामकता का सामना करने वाले राष्ट्र को उपकरणों की विस्तृत शृंखला स्थानांतरित करने की अनुमति देगी।” अप्रैल 2023 में स्थानीय चुनावों के बाद सरकार और जापान की संसद, द डाइट, की हथियारों के निर्यात पर बहस करने की उम्मीद है।

परंपरागत तौर पर, जापान के हथियारों की बिक्री संबंधी निषेध ने, जिसे थ्री आर्म्स एक्सपोर्ट्स बैन के रूप में जाना जाता है, वित्तीय और मानवीय सहायता तथा अघातक उपकरणों के हमले या ख़तरे के शिकार देशों को टोक्यो की सहायता सीमित कर दी है। जापान केवल ऐसे उपकरणों के विकास और उत्पादन में सहयोग करने वाले राष्ट्रों को, युद्धक विमान, बख़्तरबंद वाहन और मिसाइल जैसे उपकरण स्थानांतरित कर सकता है। (चित्र में: अक्तूबर 2022 में होक्काइडो प्रान्त में आयोजित ड्रिल में भाग लेता स्वदेश में निर्मित जापान ग्राउंड सेल्फ़-डिफ़ेंस फ़ोर्स टैंक।)

यूक्रेन के मामले में, जापान ने फरवरी 2022 में अपने संप्रभु पड़ोसी पर रूस के अकारण आक्रमण के बाद से बुलेटप्रूफ़ वेस्ट, पावर जनरेटर और सोलार लाइटें प्रदान की हैं, और बारूदी सुरंग हटाने में सहायता की पेशकश की है। जापान ने हाल ही में कीव को अतिरिक्त 550 करोड़ (5.5 बिलियन) अमेरिकी डॉलर की सहायता देने का वादा किया है और आवास तथा नौकरी व शिक्षा के लिए सहायता प्रदान करते हुए, 2,000 से अधिक विस्थापित यूक्रेनियनों को स्वीकार किया है।

सैन्य उपकरणों के स्थानांतरण को सक्षम करने के लिए निर्यात नियमों को बदलने से पश्चिमी शक्तियों के साथ सैन्य सहयोग और इंडो-पैसिफ़िक में रक्षा सहयोग भी बढ़ सकता है, जो स्व-शासित ताइवान के आस-पास बढ़ते तनाव सहित सीसीपी सेना के उत्तरोत्तर आक्रामक व्यवहार के लिए काउंटर यानी प्रतिप्रहार प्रदान करता है।

“क्षेत्र में रक्षा उपकरण निर्यात करने से फिलीपींस, वियतनाम या ताइवान की आत्म-रक्षक क्षमताओं को बढ़ाने में मदद मिल सकती है। जापान और इन सहभागियों के लिए प्रश्न है: उनकी सुरक्षा बढ़ाने का बेहतरीन साधन क्या है?” टोक्यो में इंटरनेशनल क्रिश्चियन यूनिवर्सिटी में राजनीति और अंतरराष्ट्रीय अध्ययन विभाग के प्रोफ़ेसर स्टीफ़न नेगी ने फ़ोरम को बताया।

नेगी ने कहा कि निरंतर मानवीय सहायता और परिष्कृत रक्षा प्रौद्योगिकियों के संभावित निर्यात के बीच नाजुक संतुलन बनाना, — और जापानी जनता द्वारा इस तरह के निर्यात को समर्थन देना, सफलता के लिए महत्वपूर्ण होगा।

“जापान को जनहित में रक्षा निर्यात उद्योग को इस्तेमाल करने पर केंद्रित ब्रांड विकसित करने की आवश्यकता है। कुछ ऐसा जो उच्च गुणवत्ता वाला, प्रतिष्ठित और भरोसेमंद हो,” उन्होंने कहा।

रक्षा निर्यात में वृद्धि से जापान के रक्षा उद्योग के लिए संभावित बाज़ार का विस्तार हो सकता है और देश की दीर्घकालिक सुरक्षा को बढ़ावा मिल सकता है।

“भविष्य में प्रभावी और सस्ते रक्षा विन्यास के लिए, जापान को प्रतिस्पर्धी रक्षा उद्योग की आवश्यकता है,” वातानाबे ने कहा। “रक्षा प्रौद्योगिकी के अनुसंधान और विकास के लिए जापानी सरकार की पहल सैन्येतर प्रौद्योगिकी और उद्योग के लिए अप्रत्यक्ष प्रभाव के साथ भावी आर्थिक विकास में योगदान देगी, जैसा कि U.S. DARPA [डिफ़ेंस एडवांस्ड रिसर्च प्रोजेक्ट्स एजेंसी] अपने उद्योगों में योगदान देती है।”

मार्क जैकब प्रोसेर टोक्यो से रिपोर्टिंग करने वाले फ़ोरम योगदानकर्ता हैं।

 

छवि साभार : द योमिउरी शिंबुन, रॉयटर्स कनेक्ट के माध्यम से


फ़ोरम ने दैनिक वेब कहानियों का हिंदी में अनुवाद करना निलंबित कर दिया है। कृपया दैनिक सामग्री के लिए अन्य भाषाएँ देखें।

यहाँ टिप्पणी करें

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

संबंधित आलेख

Back to top button